Tuesday , February 24 2026

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर संगोष्ठी

विश्व हिंदी परिषद की पश्चिम बंगाल इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर संगोष्ठी और आलेख प्रतियोगिता का आयोजन

 

कोलकाता : 21 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस केअवसर पर विश्व हिन्दी परिषद की पश्चिम बंगाल इकाई द्वारा विद्यार्थियों में मातृभाषा के प्रति लगाव और सम्मान की भावना उत्पन्न करने के लिए आलेख लेखन एवं वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 70 से अधिक विद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इस प्रतियोगिता में भाग लिया। आरंभिक चयन प्रक्रिया के उपरांत केवल 6 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को 21 फरवरी के मुख्य कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के आरंभ में स्वागत वक्तव्य पश्चिम बंगाल शैक्षणिक प्रकोष्ठ की अध्यक्षा श्वेता गुप्ता ‘श्वेतांबरी’ ने दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सीमा शर्मा (महामंत्री – शैक्षणिक प्रकोष्ठ, विश्व हिन्दी परिषद, पश्चिम बंगाल इकाई) ने किया। कोलकाता की सुपरिचित कवयित्री रचना सरन ने मातृभाषा पर आधारित अत्यंत भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया। प्रणति ठाकुर (उपाध्यक्ष – शैक्षणिक प्रकोष्ठ, विश्व हिन्दी परिषद, पश्चिम बंगाल इकाई) ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। इस अवसर पर विशेष संबोधन प्रो. डॉ. सोमा बंधोपाध्याय (कुलपति- बाबा साहेब अंबेडकर शिक्षा विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल) ने दिया। छह चयनित प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को सफल एवं सार्थक बनाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नम्रता प्रसाद (सहायक प्राध्यापिका, काज़ी नज़रुल विश्वविद्यालय, आसनसोल) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रेशमी पांडा मुखर्जी (विभागाध्यक्ष, हिन्दी विभाग, गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज, कोलकाता) उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि के रूप में शिवशंकर सिंह ‘सुमित’ (सेवानिवृत प्रधानाचार्य, लाजपत हिन्दी हाई स्कूल, कोलकाता) उपस्थित रहे।

निर्णायक मंडल ने निष्पक्षता एवं सूझबूझ के साथ प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। इस आभासी मंच पर देश के विभिन्न प्रदेशों से 50 से अधिक श्रोताओं ने सहभागिता की। सुंदर संयोजन, सुव्यवस्थित संचालन और प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने कार्यक्रम की सफलता को सुनिश्चित किया। निर्णायक मंडल में सीमा शर्मा, डॉ. शिप्रा मिश्रा, विनोद यादव एवं अन्य विशेषज्ञों ने अपनी निष्पक्ष एवं सराहनीय भूमिका निभाई।

 

बी. डी. एम. इंटरनेशनल स्कूल (कोलकाता) की छात्रा अवनि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय कन्या विद्यालय (हरियाणा) की छात्रा तनिष्का एवं सूर्योदय हाई स्कूल (कोलकाता) की छात्रा श्रद्धांजलि दास ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्टेपिंग स्टोन स्कूल (रिसड़ा, हुगली जिला, पश्चिम बंगाल) के छात्र रोहित पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया ।

 

इस गरिमामय कार्यक्रम में हिंदी विश्वविद्यालय (हावड़ा, पश्चिम बंगाल) की प्राध्यापिका डॉ. रेखा कुमारी त्रिपाठी, हावड़ा से कवयित्री प्रिया श्रीवास्तव, मुंबई से डॉ. रश्मि वाषर्णेय और कवयित्री मीनू मदान की प्रेरणादायी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। अंततः यह आयोजन मातृभाषा के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन के प्रति सभी के दृढ़ संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

About Shakun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *