विराट शोभायात्रा एवं गंगा महाआरती से हुआ नववर्ष का स्वागत
*ब्रह्मा द्वारा रचित सृष्टि का साक्ष्य है नव सम्वत्सर- आचार्य डॉ. राकेश कुमार पाण्डेय*
कोलकाता, 20 मार्च। कोलकाता महानगर की सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक स्वनाम धन्य संस्था भारतीय संस्कृति संवर्द्धन समिति के तत्वावधान में भारतीय वैदिक नवसंवत्सर सृष्टि संवत् १९५५८८५१२७,(एक अरब पंचानबे करोड़ अठ्ठावन लाख पचासी हजार एक सौ सताईस) विक्रम संवत् २०८३ के स्वागत में संवत्सर, बृहस्पतिवार की संध्या पर एक विराट एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया । शोभायात्रा वैदिक मंत्रोच्चार, बाजे-गाजे के साथ नृत्य गीत करते हुए हजारों की संख्या में सनातनी हिन्दू सम्मिलित हुए। विभिन्न प्रकार की झांकियों से सजी हुई शोभा यात्रा सनातन धर्म और वैदिक कालगणना की प्राचीनतमता को प्रस्तुत कर रही थी। सुन्दर सुन्दर झांकियां, जिनमें प्रमुख रूप से राम दरबार, दुर्गा माता, हनुमान जी के रूप में आकर्षण का केंद्र बनी थी । विवेक वाहिनी, शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, भारतमाता का रथ, राजस्थानी, मराठी व बंगाली नृत्य वाहिनी लोगों का मनमोह रहे थे ।
कलाकार दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दे रहे थे। शोभायात्रा का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे सुदूर रहने वाले सनातनी भाई बहन भी लाभान्वित हुए । शोभा यात्रा पाथुरिया घाट स्ट्रीट, कोलकाता बिनानी धर्मशाला के पास से प्रारम्भ होकर मालापाड़ा, कलाकार स्ट्रीट, महात्मा गांधी रोड, रवींद्र सरणी, कंपनी बगान तथा नीमतल्ला घाट स्ट्रीट होते हुए बाबा भूतनाथ मंदिर के पास पहुंची जहां भूतनाथ घाट पर निर्मल गंगा चेतना मंच के द्वारा मां गंगा की भव्य आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ ।
इस शोभा यात्रा में महानगर की अनेक संस्थाओं निर्मल गंगा चेतना मंच, संस्कृति प्रचार समिति, बाल हनुमान मंदिर , विश्व हिंदू परिषद, गायत्री परिवार, श्याम प्रेम मंडल, शाकाहार (अहिंसा परमो धर्म), काठगोला स्वर्णिम फाउंडेशन तथा श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार महिला समिति आदि ने झांकियों के साथ भाग लिया । समारोह का उद्घाटन उद्योगपति एवं विशिष्ट समाजसेवी श्री सज्जन कुमार बंसल ने किया, दीप प्रज्वलन विशिष्ट समाजसेवी श्री आनंद गुप्ता(ढाकालिया) जी ने किया, श्री प्रमोद गुप्ता जी ने समारोह की अध्यक्षता की।
प्रधान अतिथि श्री प्रदीप गुप्ता, विशिष्ट अतिथिगण श्री सत्यनारायण देवरालिया, श्री विनोद सुलतानिया, श्री शरद सेठ, श्री राजेश सारडा, श्री किशन किल्ला, श्री नवीन सरावगी, डॉ. एस. के. अग्रवाल, श्री अशोक कुमार ढांढनियां, पार्षद वार्ड -२० श्री विजय उपाध्याय, श्रीमती पूर्णिमा चक्रवर्ती की गणमान्य उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री बसंत सेठिया, आयोजन समिति के मंत्री श्री मनमोहन बागड़ी, स्वागत समिति के अध्यक्ष श्री विकास धनानियां आदि गणमान्य उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संयोजन सुप्रसिद्ध समाजसेवी श्री सुभाष मुरारका जी ने किया।
हिमांशु सोनी ने एकल गीत प्रस्तुत किया । अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया।
अंगवस्त्र, मुक्ताहार एवं स्मृति चिह्न देकर मंचासीन अतिथियों का स्वागत अभिनंदन समिति के सदस्यों द्वारा किया गया ।
समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. राकेश कुमार पाण्डेय ने स्वागत भाषण दिया। समिति के मंत्री शैलेश बागड़ी ने संस्था का परिचय प्रस्तुत किया। संचालन समिति के उपाध्यक्ष संजय मंडल ने तथा धन्यवाद ज्ञापन यश बिनानी ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों ने अमूल्य योगदान दिया ।
समापन समारोह कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ सम्पन्न हुआ।
The Wake News Portal & Magazine
