*व्यवसायियों द्वारा नव-निर्वाचित विधायक सम्मान समारोह सानन्द सम्पन्न*

कोलकाता 13 जून। बिलासराय कटरा एवं गीता कटरा व्यवसायी वृन्द द्वारा कल सांय गीता मंदिर सभागार में विधायक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें बृहद बड़ाबाजार क्षेत्र के नव-निर्वाचित विधायकों, पार्षदों एवं अधिकारियों का सम्मान और अभिनन्दन किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ गणेश वंदना और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुआ। तत्पश्चात बजरंग भाई ने भजनों का समा बांधा और श्यामसुंदरजी बांगड़ ने देशभक्ति से ओत-प्रोत बातें रखी। मंचस्थ अतिथि श्रीमती पूर्णिमा चक्रवर्ती, सांस्कृतिक राज्यमंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार, श्री विजय ओझा विधायक, श्रीमती मीनादेवी पुरोहित पार्षदा, श्री संतोष पाठक पार्षद, श्रीमती सुनीता झंवर, पूर्व पार्षदा, श्री तमघ्नो घोष, भाजपा जिलाध्यक्ष उत्तर कोलकाता, श्री किशन झंवर, वरिष्ठ नेता एवं श्री सुनील देवनाथ , बड़ाबाजार थाना प्रभारी उपस्थित थे।
अपने उद्बोधन में श्रीमती पूर्णिमा चक्रवर्ती ने बड़ाबाजार के पुराने दिनों की याद साझा किया तथा व्यापारियों को आश्वस्त किया कि हर समय आपके साथ खड़ी रहूँगी। श्री विजय ओझा ने कहा कि मैं तो हमेशा से ही आपके बीच खड़ा हूँ। नयी सरकार आने से व्यापारियों की सभी समस्याओं का समाधान होगा एवं किसी भी प्रकार की कटमनी या दादागिरी अब नहीं चलेगी। साथ ही सभी मंचस्थ अतिथियों ने अपनी-अपनी बातें रखी और व्यापारी वर्ग को व्यापार करने की सहुलियत हो इसका विशेष ध्यान रखा जायेगा।
कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुये मुकेश जैन ने व्यापारी वृन्द की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा आशा प्रकट किया कि आने वाले समय में बृहद बड़ाबाजार क्षेत्र का व्यापार सरकार के प्रयासों से आगे बढेगा और फिर से व्यापार जगत में स्वर्ण युग की वापसी होगी।
इसके बाद उपस्थित अतिथियों का भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “मोदी मुड़ी’ रही जहाँ अच्छी संख्या में उपस्थित लोगों ने मोदी-मुड़ी का स्वाद लेकर हर्ष व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी वर्ग तथा अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष जैन, राकेश सराफ, शंकरलाल सिंगल भट्टुवाला, अजीत बाहेती, कैलाश मिश्रा, रामगोपाल जालान, मुकेश सोनी तथा सभी व्यापारियों का सहयोग रहा।
The Wake News Portal & Magazine