Monday , November 23 2026

साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में ‘नारी चेतना ‘

हिंदी विश्वविद्यालय और साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में ‘नारी चेतना’ पर कार्यक्रम संपन्न

 

कोलकाता (23 नवंबर) : हिंदी विश्वविद्यालय (हावड़ा) और साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में ‘नारी चेतना’ विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साहित्य अकादमी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व अध्यक्ष, हिंदी विश्वविद्यालय की माननीया कुलपति प्रो. नंदिनी साहू तथा आमंत्रित विदुषी वक्ताओं – संजुक्ता दासगुप्ता, अजंता पॉल एवं श्रीमती मुखर्जी के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन रेवंता गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में अपना अध्यक्षीय वक्तव्य देते हुए कुलपति प्रो. नंदिनी साहू ने ‘चेतना’ शब्द के गहन और दार्शनिक अर्थ को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “चेतना केवल जागृति नहीं है, बल्कि यह आत्मबोध, आत्मसम्मान और अपने अस्तित्व के प्रति संपूर्ण उत्तरदायित्व का नाम है। जब हम नारी चेतना की बात करते हैं, तो हमारा आशय उस वैचारिक क्रांति से होता है, जहाँ स्त्री स्वयं को किसी की छाया, अनुगामिनी या केवल एक वस्तु न मानकर एक स्वतंत्र, विवेकशील और सृजनशील मनुष्य के रूप में स्वीकार करती है।”

इसी क्रम में अन्य वक्ताओं ने भी विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। वक्ता संजुक्ता दासगुप्ता ने ऐतिहासिक संदर्भ का उल्लेख करते हुए बताया कि 13वीं शताब्दी के ब्रिटेन में ‘हाउसवाइफ’ (गृहिणी) शब्द का अर्थ केवल पति से विवाह करना नहीं था, बल्कि यह माना जाता था कि स्त्री का विवाह पूरे घर से हुआ है, जो उस दौर की विडंबनापूर्ण स्थिति को दर्शाता है।

वहीं, अजंता पॉल ने महान चित्रकार अमृता शेरगिल का उदाहरण देते हुए कहा कि शेरगिल ने अपने साहस और रचनात्मकता के बल पर भारतीय कला जगत को एक नई दिशा और मोड़ दिया। इसके पश्चात श्रीमती मुखर्जी ने नारी के बहुआयामी स्वरूप और उसके सशक्त, आत्मनिर्भर व्यक्तित्व से श्रोताओं को अवगत कराया।

प्रथम सत्र के अंत में साहित्य अकादमी के सहायक संपादक क्षेत्रवासी नायक ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके बाद आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तरी सत्र में हिंदी विश्वविद्यालय (हावड़ा) के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित सुधी श्रोताओं ने वक्ताओं से विषय से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में शोधार्थियों और विद्यार्थियों द्वारा पत्र-वाचन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी संकायों के प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाएँ उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त विद्यासागर विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय तथा अन्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शोधार्थियों व विद्यार्थियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर ‘नारी चेतना’ के विविध आयामों पर अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। सभी सत्रों के सफल आयोजन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ।

 

About Shakun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *