मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ भव्य रुद्राभिषेक

कोलकाता: 2अगस्त। भारतीय संस्कृति संसद के सभागार में कल रविवार सायंकाल भगवान शिव के पावन रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और “हर हर महादेव” के उद्घोष से पूरा परिसर शिवमय हो उठा। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में लगभग पचहत्तर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की तथा सामूहिक रूप से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।भगवान शिव के अलौकिक श्रृंगार एवं आचार्य राकेश कुमार पाण्डेय जी के पौरोहित्य ने आयोजन को दिव्यता प्रदान की।
इस विशेष आयोजन की परिकल्पक डॉ तारा दूगड़ ने बताया कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न केवल हमारी प्राचीन परंपराओं को जीवित रखते हैं अपितु समाज में आध्यात्मिक चेतना, पारस्परिक सौहार्द एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं। इस आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और भारतीय संस्कृति की गहन अनुभूति से भर दिया।
रुद्राभिषेक के दौरान भगवान शिव का दूध, गंगाजल, दही, शहद, घी, तथा पंचामृत से विधिवत अभिषेक किया गया। मंत्रों और स्तुतियों के बीच उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में सराबोर दिखाई दिए ।संस्थाध्यक्ष डॉ बिट्ठलदास मूंधडा एवं श्री राजगोपाल सुरेका के नेतृत्व में आरती की गई ।

अनुष्ठान के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। उपस्थित जनों ने आयोजन की भव्यता और सुव्यवस्था की सराहना की।
The Wake News Portal & Magazine