Tuesday , November 3 2026

गोपाष्टमी महोत्सव 2026

*कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी का 142 वाँ “गौ-कार्यकर्त्ता सम्मेलन” संपन्न*

गोपाष्टमी महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक मेला बनाने हेतु 150 गोपूजन केन्द्रों का आयोजन

142 वर्षों से गौसेवा को समर्पित देश की प्राचीनतम संस्था “कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी” ने आगामी 17 नवंबर 2026 को गोपाष्टमी मेले का आयोजन में जन-जन को गौ सेवा और गोपूजा से जोड़ने का निर्णय लिया है। इसकी अग्रिम तैयारी की विवेचना हेतु शनिवार, 02 नवंबर को कोलकाता के विवेकानन्द रोड स्थित हरियाणा भवन में आयोजित गौ-कार्यकर्ता सम्मेलन में कोलकाता तथा हावड़ा क्षेत्र के सैकड़ों गौभक्तों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया तथा सबने मिल कर इस वर्ष गोपाष्टमी पर्व पर कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना और इनसे लगे इलाकों में सर्वत्र लगभग 150 गौ पूजन केंद्रों के आयोजन के प्रति अपना सहर्ष समर्थन प्रदान किया है। सोसाइटी के अध्यक्ष रमेश कुमार सरावगी की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में महामंत्री महावीर प्रसाद बजाज, सभी केंद्र प्रभारीगण एवं असंख्य गोभक्तगणों के साथ ही पूज्य साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी जी भी विशेष रूप से उपस्थित रही।

सर्वप्रथम सुरेंद्र चमडिया एवं राजकमल बांगड़ द्वारा गोवंदना के साथ इस गौकार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत की गई। अध्यक्ष महोदय ने उपस्थित सभी गौभक्तों का पूरी सोसाइटी की ओर से अभिनंदन एवं स्वागत करते हुए बताया कि इन गौपूजन केंद्रों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है कि गोपाष्टमी के दिन कोई भी गोभक्त गोपूजन एवं गोदर्शन से वंचित ना रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महानगर में कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी वर्तमान में गौसेवा का एकमात्र पर्याय बन चुकी है। नवनिर्वाचित महामंत्री श्री महावीर बजाज ने अपने वक्तव्य में स्पष्ट रूप से नई युवा पीढ़ी एवं मातृशक्ति को गौ सेवा से जुड़ने का पुरजोर आव्हान किया एवं सोसाइटी की ओर से युवा कार्यकर्ताओं को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। चारों केंद्र प्रभारियों बिमल मल्लावत (दक्षिण कोलकाता), पवन चौधरी(उत्तर कोलकाता), मनोज लुहारीवाला (मध्य कोलकाता) एवं कमल गुप्ता (हावड़ा हुगली) ने अपने अपने प्रभार के उपस्थित सभी सहयोगी प्रभारियों का परिचय कराया। कार्यक्रम का कुशल संचालन किया सह सचिव श्री राजकमल बांगड ने तथा धन्यवाद ज्ञापन किया श्री सुनील खेतान ने।

सम्मेलन में उपस्थित युवा गोभक्त श्री अनुराग गुप्ता ने अपने वक्तव्य में सभी उपस्थित गौभक्तों को प्रोत्साहित कर गौ पूजन केंद्रों को अभूतपूर्व सफल बनाने पर बल दिया।

विशेष रूप से उपस्थित पूज्य साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी जी ने अपने प्रखर एवं ओजस्वी वक्तव्य में गौमाता की अखंड महिमा को बतलाते हुए पूरे भारतवर्ष में गौरक्षार्थ एवं गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए आयोजित गौ सम्मान आह्वान अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए आगामी 21 दिसंबर को होने वाली अभियान यात्रा में ज्यादा से ज्यादा गौभक्तों को सपरिवार उपस्थित रहने का आव्हान किया एवं गौपूजन केंद्रों के माध्यम से लाखों की संख्या में गौभक्तों के हस्ताक्षर एकत्रित करने पर जोर दिया। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने भी लाखों की तादाद में हस्ताक्षर एकत्रित करने का आश्वासन दिया है।

इस कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य रूप से सत्यनारायण राठी, संदीप तुलस्यान, अजीत सरावगी, चंद्रशेखर अग्रवाल, विजय निगाणिया, श्यामसुंदर बांगड़, सज्जन शर्मा, प्रदीप जयदेवका, दीपक अग्रवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, भागचंद मूंदड़ा, संजय चौधरी, ताम्बी जी, ओमप्रकाश मिश्रा, अभिषेक चमड़िया, संतोष हरभजनका, सुशील चौधरी, जितेंद्र गुप्ता, प्रिंस अग्रवाल, शिवकुमार कल्याणी, संजय गुप्ता, उमाशंकर चमडिया तथा अनेक महिला कार्यकर्ता सहित सैकड़ों की तादाद में अनेकानेक गौभक्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Shakun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *