*परिवार मिलन की 45 वीं अन्तर्विद्यालय हिन्दी देशभक्ति गीत प्रतियोगिता सम्पन्न।*

कोलकाता 23 अगस्त । राष्ट्रीय, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक चेतना जागरण केन्द्र परिवार मिलन द्वारा पारम्परिक रूप से अन्तर्विद्यालय हिन्दी देशभक्ति गीत प्रतियोगिता शस्य श्यमला नमन का आयोजन किया गया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सार्धशतवर्ष यात्रा पूर्ति पर नवचिंतन से अर्चन करते हुए कोलकाता महानगर के नौ प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बंगभूमि को अपने राष्ट्रभक्ति गीतों से नमन किया।
कला एवं संस्कृति, भारत के 150 वर्षों के लंबे संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी, बंगाल की भूमि की महत्ता जैसे विषयों पर गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने भारत के स्वर्णिम स्वरूप को चित्रित कर दिया। विद्यार्थी वृन्द द्वारा किया गया प्रतियोगिता का अद्भुत संचालन कार्यक्रम के आकर्षण का केन्द्र था।
कार्यक्रम अध्यक्ष राष्ट्रीय चेतना के ओजस्वी कवि डॉ. राहुल अवस्थी, प्रतियोगिता के निर्णायकगण- स्वर साधिका मारुति मोहता, कवयित्री कुसुम जैन, राष्ट्रवादी चिंतक योगेश राज उपाध्याय तथा संस्था के पदाधिकारियों ने भारत माता के चित्र को पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात संस्था द्वारा संचालित संकल्प विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सांगीतिक गायन ने सभागार में उपस्थित सुधिजनों को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
स्वागत वक्तव्य देते हुए संस्था की सचिव विनिता मनोत ने सभी का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के विषयों की विद्वतापूर्ण व्याख्या कर श्रोताओं का ज्ञानवर्धन किया।
अध्यक्षीय वक्तव्य में डॉ राहुल अवस्थी ने अभिभावकों, शिक्षकों, एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीत सिर्फ प्रतियोगिता में प्रथम आ जाना नहीं होता बल्कि जीत तब होती है जब आप प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। हमें अपने पुरातन संस्कारों से यही शिक्षा मिली है कि हमें किसी भी प्रतियोगिता में जोश के साथ भाग लेना चाहिए।
निर्णायकों ने अपने वक्तव्य से समस्त प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और सभी प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा कराई गई तैयारी और मेहनत की सराहना की।
इस कार्यक्रम में बी.डी.एम. इन्टरनेशनल, अग्रसेन बालिका शिक्षा सदन तथा एम सी केजरीवाल ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त विद्यालय को नरेश गनेड़ीवाल चलत रजत स्मृति चिह्न भी प्रदान किया गया। अन्य सभी प्रतिभागी विद्यालय नोपानी हाई, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी विद्यालय, विद्या भारती गर्ल्स हाई स्कूल, द बी एस एस स्कूल तथा द बी जी ई एस स्कूल को प्रोत्साहन पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन राजेंद्र कानूनगो ने तथा अंजू गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दुर्गा व्यास, आशा राज कानूनगो, अमित मूंदड़ा, अजीत बच्छावत, हर्ष टांटिया, रोहित व्यास, रीना व्यास, अमिता चतुर्वेदी संकल्प विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं का सक्रिय सहयोग रहा।
राष्ट्रभक्ति के इस कार्यक्रम में महाबीर प्रसाद मणक्सिया, ईश्वरी प्रसाद टांटिया, चित्रा नेवटिया, अरुण बागला, हरिमोहन मड़दा, करुणा गुप्ता, सीताराम डागा, भंवर लाल गट्टानी, बी.के.त्रिपाठी, जवाहर व्यास, गिरधर राय, अरुण प्रकाश मल्लावत, अविनाश गुप्ता, भागीरथ सारस्वत, श्रीमोहन तिवारी, माधव राय के साथ महानगर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
राधाकिशन झुनझुनवाला चैरिटी ट्रस्ट द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम का समापन विजेता स्कूल के साथ सामूहिक राष्ट्रगान से हुआ।
The Wake News Portal & Magazine