* महावीर इंटरनेशनल कोलकाता का मातृ शक्ति सम्मान समारोह *

राज्य मंत्री मालती राभा रॉय, दृष्टि बाधित साफ्टवेयर इंजीनियर प्रियंका अग्रवाल एवं समाजसेविका सुशीला पुगलिया सम्मानित
कोलकाता, 21 अगस्त। महावीर इंटरनेशनल कोलकाता द्वारा 19 अगस्त बुधवार को आयोजित मातृ शक्ति सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह में संघर्ष, साहस, सेवा और उपलब्धियों के माध्यम से समाज में विशिष्ट पहचान बनाने वाली तीन अति विशिष्ट महिलाओं—पश्चिम बंगाल सरकार की माननीय राज्य मंत्री श्रीमती मालती राभा रॉय, दृष्टिबाधित सॉफ्टवेयर इंजीनियर एवं हिमालयन ट्रेकर श्रीमती प्रियंका अग्रवाल तथा प्रसिद्ध बिजनेस वूमेन एवं समाजसेविका श्रीमती सुशीला पुगलिया—को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईएएस (सेवानिवृत्त) श्री रवींद्र नाथ रॉय विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महावीर इंटरनेशनल के इंटरनेशनल डायरेक्टर वीर रतन जी फलोदिया के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए महावीर इंटरनेशनल की विभिन्न सेवा योजनाओं एवं सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी।
*प्रियंका अग्रवाल की संघर्षगाथा ने किया भावुक*
समारोह का सबसे भावुक एवं प्रेरणादायी क्षण तब आया, जब दृष्टिबाधित सॉफ्टवेयर इंजीनियर एवं हिमालयन ट्रेकर श्रीमती प्रियंका अग्रवाल ने अपने जीवन के संघर्ष और उपलब्धियों की कहानी साझा की। दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप तक 5,300 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर ट्रैकिंग कर अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
उन्होंने बताया कि दृष्टिबाधिता के कारण जीवन में कई बार अस्वीकृति और उपेक्षा का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी। उनकी संघर्षगाथा ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ-साथ प्रेरित भी किया।
*“प्रियंका के संघर्ष के सामने बाकी संघर्ष फीके हैं”*
अपने संबोधन में राज्य मंत्री श्रीमती मालती राभा रॉय ने अपने जीवन के संघर्षों एवं अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि प्रियंका अग्रवाल के संघर्ष और साहस के सामने बाकी संघर्ष बहुत छोटे और फीके नजर आते हैं।
उन्होंने महावीर इंटरनेशनल के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था की सेवा भावना और सामाजिक प्रतिबद्धता को प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय बताया।
यह अवसर महावीर इंटरनेशनल कोलकाता के लिए ऐतिहासिक भी रहा। श्रीमती मालती राभा रॉय ने समारोह के दौरान महावीर इंटरनेशनल कोलकाता की मानद (Honorary) सदस्यता ग्रहण की। कोलकाता सेंटर के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी राज्यमंत्री ने संस्था की सदस्यता ग्रहण कर संस्था से औपचारिक रूप से जुड़ने की पहल की।
वहीं, प्रियंका अग्रवाल ने भी महावीर इंटरनेशनल के सेवा कार्यों से प्रभावित होकर संस्था से जुड़कर अपनी सेवाएं देने की इच्छा व्यक्त की। इस प्रकार समारोह केवल सम्मान तक सीमित न रहकर सेवा से जुड़ने और समाज के लिए योगदान देने का प्रेरणादायी अवसर भी बन गया।
*सुशीला पुगलिया को सेवा एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मान*
प्रसिद्ध बिजनेस वूमेन एवं समाजसेविका श्रीमती सुशीला पुगलिया को उनके व्यावसायिक योगदान के साथ सामाजिक सेवा एवं समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
*गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति*
समारोह में श्री विनोद जी मिन्नी, श्री केशरी चंद चोरडिया, श्री जसमीत सिंह अरोड़ा, श्री सुनील जी मालू, श्री मुकेश जी मेहरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महावीर इंटरनेशनल कोलकाता की ओर से वीर धर्मेंद्र जी अरोड़ा, वाइस चेयरमैन; वीर रतन जी फलोदिया, इंटरनेशनल डायरेक्टर; वीर सुभाष लखोटिया, वीर श्रेयांश दुगड़, वीर सुजीत साहा, वीर विकास सुराना एवं वीरा नीलू मेहरा सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
वीर सुरेंद्र जी बंथिया, गौ सेवा से जुड़े अजीत जी जैन, श्याम सुंदर शाह एवं प्रेम प्रकाश भंसाली सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति भी रही।
कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं गरिमापूर्ण मंच संचालन महावीर इंटरनेशनल कोलकाता के सचिव वीर दिलीप कुमार चोरडिया ने किया।
*नामांकित श्री गणेश प्रतिमा से अतिथियों का सम्मान*
समारोह में अति विशिष्ट अतिथियों को सम्मान स्वरूप उनके नाम से अंकित श्री गणेश जी की प्रतिमा भेंट की गई। यह सम्मान भारतीय संस्कृति, श्रद्धा एवं अतिथियों के प्रति संस्था के सम्मान का प्रतीक रहा।
महावीर इंटरनेशनल कोलकाता का यह मातृ शक्ति सम्मान समारोह नारी शक्ति, संघर्ष और सेवा के तीन प्रेरणादायी स्वरूपों का अभिनंदन बना। मालती राभा रॉय का नेतृत्व, प्रियंका अग्रवाल का अदम्य साहस और सुशीला पुगलिया की सामाजिक प्रतिबद्धता ने महावीर इंटरनेशनल कोलकाता के इस समारोह को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
The Wake News Portal & Magazine